मुजफ्फरनगर। बाग जानकीदास में मंगलवार की रात पुलिस टीम पर फायरिंग कर फरार हुए बदमाशों को शहर कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के पास से चार तमंचे और छह कारतूस बरामद किए गए हैं।
शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला बाग जानकीदास में मंगलवार की रात पुलिस टीम ने चार बदमाशों की मौजूदगी की सूचना पर दबिश दी थी। इस दौरान मोहल्ले में ही रहने वाले शहजाद के मकान पर कुछ लोग फायरिंग कर भाग रहे थे, जिन्हें पुलिस टीम द्वारा पकड़ऩे का प्रयास किया गया तो उन्होंने पुलिसकर्मियों पर भी फायरिंग कर दी और फरार हो गए थे। बदमाशों की फायरिंग में पुलिस टीम बाल-बाल बची। पुलिस ने मामले में मोहल्ला किदवईनगर निवासी शातिर शहजाद पुत्र शरीफ, भूरा उर्फ फैजान पुत्र शफीक, आस मोहम्मद उर्फ आशु पुत्र इमरान और शाहरुख पुत्र ऐजाज को कातिलाना हमले सहित अन्य धाराओं में एफआईआर दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी थी। शहर इंस्पेक्टर अनिल कपरवान ने बताया कि बुधवार की रात पुलिस टीम पर फायरिंग करने वाले चारों आरोपियों को शामली बस स्टैंड से गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपियों के कब्जे से फायरिंग में प्रयुक्त किए गए चार तमंचे और छह कारतूस बरामद किए गए हैं।