कार के आगे बाइक डालकर चालक को पीटा
मोरना। कार के आगे बाइक डालकर चालक की पिटाई कर घायल कर दिया गया। कार चालक को मेरठ के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है। चालक के पिता ने भोपा पुलिस को तहरीर देकर आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।
भोपा क्षेत्र के गांव मोरना में जानसठ मार्ग पर शुक्रवार शाम को घटी घटना के संबंध में अब्बास पुत्र रियाजददीन निवासी गांव सादपुर, थाना जानसठ ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उसका पुत्र शाहवेज शुक्रताल में गंगा घाट पर टाइल्स लगाने का कार्य कर रहा है। शुक्रवार की शाम वह अपना कार्य समाप्त कर घर लौट रहा था, तभी मोरना में जानसठ मार्ग पर स्थित भगत सिंह डेयरी के पास आनंद पाल उर्फ मिंटू पुत्र पीरू निवासी मोरना, संजीव पुत्र राजबल निवासी गांव बहुपुरा, रजत डेरी संचालक रवि कुमार व रजत पुत्रगण सुभाष बस एजेेंट ने शाहवेज की कार के सामने बाइक डाल दिया। आरोप है कि आरोपियों ने शाहवेज को कार से बाहर खींच लिया तथा उसके साथ मारपीट करते हुए गंभीर रूप से घायल कर दिया। आरोप है कि आरोपियों ने उसका मोबाइल व जेब में रखे 22 हजार रुपये भी निकाल लिए। शाहवेज को राहगीरों की मदद से जिला चिकित्सालय भर्ती कराया गया, जहां गंभीर हालत के चलते उसे मेरठ अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।