महिला के साथ छेड़छाड़ करने वाले आरोपियों को पकड़ने गई पुलिस को ग्रामीणों ने लाठी-डंडे लेकर घेर लिया। मकान में दबिश देने पर पुलिस के साथ महिलाओं ने हाथापाई की। इस दौरान ग्रामीणों की पुलिस के साथ भी काफी नोकझोंक हुई। पुलिस के साथ ग्रामीणों ने अभद्रता भी की। पुलिस ने एक आरोपी को पकड़ लिया।
मोरना के गांव शुुक्रताल निवासी महिला का बेटा शनिवार की शाम को गांव के दो अन्य साथियों के साथ अपने मकान में एसआई की भर्ती के लिए परीक्षा की तैयारी को लेकर पढ़ाई कर रहा था। इस दौरान पड़ोस के गांव फिरोजपुर के रहने वाले आधा दर्जन युवक कार से महिला के घर पर पहुंचे। इन युवकों ने मकान में घुसकर महिला के साथ छेड़छाड़ शुरू कर दी। महिला के शोर मचाने पर उसके पुत्र व साथियों ने तीन युवकों को पकड़ लिया। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर थाना भोपा प्रभारी विजय सिंह व एसआई चंद्रसैन सैनी मौके पर पहुंचे। पुलिस को देखकर आरोपी छूटकर अपने कार में बैठकर भागने लगे। आरोपी युवकों ने भागते हुए अपनी कार से पुलिस की जीप में टक्कर मार दी। टक्कर लगने से जीप पलटने से बाल बाल बची, जिसमें बैठे थाना प्रभारी व एसआई घायल होने से बाल बाल बचे। आरोपियों ने कार की टक्कर सिपाही प्रमोद की बाइक में भी मारी और फरार हो गए। टक्कर लगने से सिपाही को मामूली चोटें आई। पुलिस पीछा करते हुए आरोपियों को पकड़ने के लिए उनके गांव फिरोजपुर में पहुंची। ग्रामीणों ने लाठी व डंडे लेकर पुलिस को घेर लिया। पुलिस ने आरोपियों को पकड़ने के लिए मकान में दबिश दी। दबिश के दौरान महिलाओं की पुलिस के साथ हाथापाई हुई। ग्रामीणों की थाना प्रभारी व एसआई के साथ काफी नोकझोंक हुई। ग्रामीणों ने पुलिस के साथ अभद्रता भी की। ग्रामीणों के विरोध के चलते पुलिस ने एक आरोपी को पकड़ लिया। सीओ मोहम्मद रिजवान ने बताया कि एक आरोपी अनुज पकड़ा गया है। तीन आरोपी मोनू, ललित व सर्वेश फरार हैं। आरोपियों के विरुद्ध संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपियों को तलाश करने में जुट गई है।