सोशल मीडिया पर भेजी महिला की आपत्तिजनक तस्वीरें
मुजफ्फरनगर। शहर निवासी महिला ने पहले पति पर अनैतिक संबंधों का दबाव बनाने और इससे इंकार करने पर आपत्तिजनक फोटो फर्जी आईडी बनाकर अपने सोशल अकाउंट पर भेजने का सनसनीखेज आरोप लगाया है। पीड़िता पहले पति से पांच माह पूर्व तलाक लेकर दूसरी शादी कर चुकी है। इसके बाद भी आरोपी द्वारा उस पर अनैतिक संबंध बनाने का दबाव डालते हुए आपत्तिजनक फोटो सोशल साइट्स पर वायरल करने की धमकी दी जा रही है। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
शहर कोतवाली क्षेत्र की महिला ने तहरीर देकर बताया कि उसकी शादी 18 जुलाई 2010 को सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के मोहल्ला निवासी युवक से हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद ही दोनों के बीच मनमुटाव रहने लगा, जिसके चलते महिला ने पति के खिलाफ कोर्ट में वाद दायर कर दिया। विगत 27 अप्रैल 2018 को महिला का उसके पति से तलाक हो गया, जिसके बाद महिला ने चार जून 2018 को शहर के ही एक अन्य युवक से दूसरी शादी कर ली। पीड़िता के अनुसार दूसरी शादी करने के कुछ दिन बाद ही पहले पति की उसके मोबाइल पर कॉल आई, जिसमें उसने महिला को दूसरी शादी करने पर बदसलूूकी करते हुए उस पर अनैतिक संबंध बनाने का दबाव बनाया। पीड़िता ने इससे इंकार किया तो आरोपी ने 26 जून को एक फर्जी आईडी बनाकर उसके जरिये महिला को उसके सोशल अकाउंट पर आपत्तिजनक फोटो भेज दिए। पीड़िता के अनुसार उक्त फोटो आरोपी ने आठ साल पूर्व शादी होने के तत्काल बाद चोरी-छिपे मोबाइल से खींचे थे, जिन्हें वह अब तक अपने पास छिपाकर रखे हुए था। आरोप है कि अब भी आरोपी लगातार उस पर अनैतिक संबंध बनाने का दबाव बनाते हुए इंकार करने पर पहली शादी के समय लिए गए आपत्तिजनक फोटो अपने पास होने का दावा करते हुए उन्हें सोशल साइट्स पर वायरल करने की धमकी दे रहा है। इंस्पेक्टर अनिल कपरवान ने बताया कि महिला ने पूर्व पति पर आपत्तिजनक फोटो वायरल करने की धमकी देने का आरोप लगाया है, जिसकी तहरीर पर एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।