युवती को प्रेम जाल में फंसा कर किया निकाह
मीरापुर। गांव कैथोड़ा निवासी युवक ने दिल्ली पुलिस विभाग की युवती को प्रेम जाल में फंसाकर उससे निकाह कर लिया। नौ माह बाद आरोपी युवक दूसरी युवती से निकाह कर लिया। जानकारी मिलने पर पीड़िता ने आकर आरोपी युवक की गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस ने आरोपी के एक भाई को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है।
घटनाक्रम के अनुसार एक युवक दिल्ली में एक सैलून में काम करता था। इसी दौरान दिल्ली पुलिस विभाग में कार्यरत एक युवती इस युवक के संपर्क में आई और दोनों ने अंतरजातीय विवाह कर लिया। बताया गया कि नौ माह तक युवक ने युवती को पत्नी के रूप में अपने पास रखा। हालांकि परिवार के दबाव के चलते युवक ने युवती को छोड़ दिया और जानसठ के निकट एक गांव से दूसरा निकाह कर लिया। दूसरे निकाह की जानकारी मिलने पर दिल्ली पुलिस कर्मचारी मीरापुर आई और आरोपी युवक के विरुद्ध जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने आरोपी युवक के घर दबिश दी। आरोपी फरार है। पुलिस ने आरोपी के भाई को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। युवक व युवती अलग अलग समुदाय के होने के कारण पुलिस फूंक-फूंक कर कदम उठा रही है।