परासौली गांव में तनावपूर्ण शांति
फायरिंग व पथराव के दो आरोपी गिरफ्तार, गांव में पुलिस बल तैनात
(फोटो समाचार)
अमर उजाला ब्यूरो
परासौली /बुढ़ाना । परासौली गांव में क्रिकेट के खेल में दो समुदायों के युवकों के बीच हुए संघर्ष के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गांव में तनावपूर्ण शांति है।
कोतवाली क्षेत्र के गांव परासौली में क्रिकेट के खेल में शनिवार को आरिफ उर्फ काला पुत्र शमशाद व रोहित पुत्र रामकरण के बीच विवाद हो गया था। इस विवाद में जमकर मारपीट, पथराव व फायरिंग हुई। आरिफ उर्फ काला पक्ष के युवाओं द्वारा की गई मारपीट में रोहित पुत्र रामकरण व उसकी माता मिथलेेश घायल हो गई थी। गांव में पथराव व फायरिंग से अफरातफरी मच गई थी। पथराव व फायरिंग करने वालों ने रोहित की माता मिथलेश की दुकान में तोड़फोड़ कर दुकान का सामान भी सड़क पर फेंक दिया था। घटना की सूचना मिलते ही इंस्पेक्टर बुढ़ाना, पुलिस क्षेत्राधिकारी हरिराम यादव व एसपी देहात अजय सहदेव भी मौके पर पहुंच गए थे। एसपी देहात ने ग्रामीणों को दोषियों के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया था। इस घटना को लेकर पुलिस तथा रोहित के पिता रामकरण की ओर से रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। रामकरण ने गांव के जाहिद, फिरोज, जाकिर, इरफान, शहजाद, बिलाल, नादिम व कुछ अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। इंस्पेक्टर प्रभाकर कैंतुरा ने बताया कि पुलिस ने रविवार को दबिश देकर शहजाद व नदीम को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। फायरिंग व पथराव की घटना से परासौली गांव में आज तनावपूर्ण शांति है। गांव में भारी मात्रा में पुलिस बल तैनात है।