खतौली। त्रिवेणी शुगर मिल के जीएम ने सहकारी गन्ना समिति के चेयरमैन ओमबीर सिंह, जयप्रकाश शास्त्री और ब्लाक के प्रमुख पति गौतम समेत करीब 150 अज्ञात लोगों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। जबकि चेयरमैन ने मिल के जीएम के विरुद्ध घटतौली की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
शनिवार को शुगर मिल में घटतौली करने का आरोप लगाते हुए किसानों ने हंगामा कर दिया था। खबर मिलने पर सहकारी गन्ना समिति के चेयरमैन ओमबीर सिंह समेत कई लोग मिल में पहुंचे थे। रालोद जिलाध्यक्ष अजीत राठी को भी बुलवाया गया था। किसानों ने मिल में गन्ना तौल बंद करा दी थी। रालोद जिलाध्यक्ष ने मिल के जीएम के विरुद्ध घटतौली की रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग को लेकर किसानों के साथ मिल में धरना दिया था। रात के करीब नौ बजे जीएम के विरुद्ध मुकदमा दर्ज करने का सीओ द्वारा आश्वासन देने पर धरना समाप्त कर दिया गया था। रात में ही पुलिस ने चेयरमैन ओमबीर सिंह की तहरीर पर जीएम के विरुद्ध घटतौली की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई थी।
जीएम डॉ. अशोक कुमार ने भी रात में ही पुलिस को तहरीर दे दी थी। पुलिस ने जीएम की तहरीर पर चेयरमैन ओमबीर सिंह, गांव भैंसी के जयप्रकाश शास्त्री और ब्लाक प्रमुख गौतम समेत 150 अज्ञात लोगों के विरुद्ध केन यार्ड में पहुंचकर जबरदस्ती मिल कर्मचारियों को डराने, धमकाने, गाली गलौच करने तथा बंधक बनाकर मिल में गन्ना तौल बंद कराने आदि आरोप में मुकदमा पंजीकृत किया है। सीओ डॉ. राजीव कुमार सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों की ओर से रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जांच पड़ताल की जा रही है।