इनामी तीन बदमाशों को पकड़ा
खतौली (मुजफ्फरनगर)। पुलिस ने इनामी तीन बदमाशों को पकड़ लिया। पुलिस ने बदमाशों के कब्जे से तीन चाकू भी बरामद किए हैं। तीनों पर 15-15 हजार रुपये के इनाम के साथ-साथ गैंगेस्टर में भी वांछित चल रहे थे।
इंस्पेक्टर अंबिका प्रसाद भारद्वाज ने बताया कि अपराधियों के विरुद्ध धरपकड़ अभियान चलाया जा रहा है। बृहस्पतिवार की सुबह 10 बजे मुखबिर द्वारा सूचना मिली कि जानसठ रोड पर चूना भट्ठी के पास तीन बदमाश खड़े हुए हैं। सूचना पर एसएसआई योगेंद्र पंवार अपने साथ एसआई कपिल देव, एसआई केपी सिंह व कांस्टेबल रोहताश कुमार को साथ लेकर वहां पर पहुंची। पुलिस टीम ने तीनों बदमाशों को पकड़ लिया। पकड़े गए बदमाशों ने अपने नाम इस्लामाबाद भूड़ निवासी ममशाद पुत्र शरीफ, नूरसैन उर्फ नूरहसन पुत्र अलीसैन उर्फ अलीहुसैन व सोनू पुत्र हबीब बताए। इनके कब्जे से पुलिस ने एक-एक चाकू बरामद किया। इंस्पेक्टर बताया कि इन तीनों पर 15-15 हजार रुपये का थाने से इनाम घोषित किया गया था। तीनों बदमाशों पर चोरी व गैंगेस्टर समेत 16 मुकदमे दर्ज हैं। तीनों बदमाश गैंगेस्टर में वांछित चल रहे थे। पुलिस को इन तीनों की काफी दिनों से तलाश थी। पुलिस ने तीनों बदमाशों का चालान कर दिया। कोर्ट ने तीनों को जेल भेज दिया है।