मीरापुर (मुजफ्फरनगर)। एसपी क्राइम आरबी चौरसिया के निर्देश पर गांव कुतुबपुर में होने वाली एक शादी में विघ्न डालने वाले युवक के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज की गई। गांव कुतुबपुर निवासी इकबाल ने एसपी क्राइम को तहरीर देकर बताया था कि उसके छोटे भाई इरफान का निकाह भोपा की एक युवती के साथ तय हुआ है। आरोप है कि एक व्यक्ति इस रिश्ते को तुड़वाने की नियत से लगातार फोन कर लड़की पक्ष और लड़के पक्ष को धमकी दे रहा है। धमकी देने वाले का कहना है कि इरफान का निकाह भोपा की लड़की के साथ किया तो उसका अंजाम भुगतना पड़ेगा। पीड़ित ने आरोपी के मोबाइल नंबर को सर्विलांस पर लगाकर उसकी गिरफ्तारी की मांग की है। एसपी क्राइम के आदेश पर थाने में आरोपी के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
अर्द्घसैनिक बल ने फ्लैग मार्च किया
मीरापुर (मुजफ्फरनगर)। निकाय चुनाव को लेकर सीओ जानसठ के नेतृत्व में पुलिस और अर्द्धसैनिक बल ने कस्बे के मुख्य मार्गों से फ्लैग मार्च किया। सीओ ने बाद में मतदान केंद्रों का निरीक्षण भी किया। सीओ एसकेएस प्रताप थाने पर पहुंचे पुलिस की बैठक ली। इसके बाद पुलिस और अर्द्धसैनिक बल को साथ लेकर कस्बे के मुख्य मार्गों से फ्लैग मार्च किया। इस दौरान कानून व्यवस्था संबंधी दिशा निर्देश दिए। अधिकारियों ने कस्बे में मतदान के लिए बनाए गए 12 प्रमुख मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया।