धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज
मुजफ्फरनगर। कुछ लोगों ने जमीन बेचने के नाम पर एक व्यक्ति से लाखों रुपये की धोखाधड़ी कर ली। पुलिस ने पीड़ित की ओर से मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
नईमंडी कोतवाली पर गांव जौली के मूल निवासी जगपाल ने यह मुकदमा दर्ज कराया है। बताया कि वह शांतिनगर में रहता है। चरथावल के मथुरा गांव के ओमचंद से उसकी जान-पहचान थी। उसने ओमचंद से जमीन खरीदने की बात कही। आरोपी ने उसे खरड़ गांव में वेदपाल की जमीन दिखाई थी। जमीन का सौदा एक लाख 80 हजार रुपये बीघा तय हो गया था, जिस पर उसने दस बीघा जमीन खरीदते हुए उसके बयाने के तौर पर तीन लाख 20 हजार रुपये दिए। आरोप है कि अब आरोपी जमीन का बैनामा करने से इंकार कर रहे हैं और रुपये वापस मांगने पर जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। पुलिस ने पीड़ित की ओर से आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
वीडियो बनाते युवक को महिला ने धुना
मुजफ्फरनगर। नईमंडी क्षेत्र में मां-बेटी की वीडियो बना रहे एक युवक की महिला ने पकड़कर धुनाई कर दी। मौके पर लगी भीड़ ने भी आरोपी पर हाथ साफ किए। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया।
नईमंडी में बृहस्पतिवार को महिला अपनी बेटी के साथ बालाजी चौक से गुजर रही थी। तभी महिला ने देखा कि मेडिकल स्टोर पर खड़ा एक युवक उनकी मोबाइल से वीडियो बना रहा है। महिला ने आरोपी युवक को पकड़कर उसकी पिटाई करनी शुरू कर दी, जिससे वहां लोगों की भीड़ लग गई। लोगों ने भी आरोपी की धुनाई कर दी। इसी दौरान किसी ने पुलिस को खबर कर दी। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया। पुलिस आरोपी युवक से पूछताछ कर रही है। इस संबंध में महिला ने कार्रवाई करने से इंकार कर दिया।
महिला से रेप का प्रयास
मुजफ्फरनगर। शहर कोतवाली के एक मोहल्ला में कुछ लोगों ने मकान में घुसकर महिला के साथ रेप का प्रयास किया। आरोप है कि विरोध करने पर मारपीट कर उसके कपड़े फाड़ दिए। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
शहर कोतवाली पर पीड़िता ने तहरीर देते हुए बताया कि गत दिवस उसका पति किसी काम से बाहर गया था। आरोप है कि पड़ोसी युवक अपने साथियों के साथ घर में घुस आया और उससे रेप का प्रयास किया। पीड़िता ने शोर मचाया तो आरोपियों ने उसके साथ मारपीट करते हुए उसके कपड़े फाड़ दिए। शोर-शराबा सुनकर मौहल्ले के लोगों के आने पर आरोपी धमकी देते हुए फरार हो गए। पुलिस मामले की जांच कर रही है।