प्रेमी संग युवती फरार, युवती के परिजनों ने गांव छोड़ा
जानसठ। प्रेम प्रसंग के चलते फरार हुए प्रेमी युगल का नामजद मुकदमा दर्ज होने के बाद भी पुलिस द्वारा कोई कार्रवाई नहीं करने तथा समाज में हुई बदनामी को लेकर युवती के परिजन घर पर ताला लगाकर और मकान की दीवार पर बिकाऊ लिखकर गांव से पलायन करके चले गए।
क्षेत्र के एक गांव से एक सप्ताह पूर्व एक समुदाय की युवती प्रेम प्रसंग के चलते गांव के ही दूसरे समुदाय के युवक के साथ फरार हो गई। युवती के परिजनों ने काफी तलाश करने के बाद गांव के ही सचिन पर उनकी पुत्री को बहला फुसलाकर भगाकर ले जाने व उसके दो साथी मोहित व विपिन के विरुद्ध सहयोग करने के आरोप का मुकदमा दर्ज कराया था। मुकदमा दर्ज होने के एक सप्ताह बाद भी पुलिस द्वारा कोई कार्रवाई नहीं करने व समाज में परिवार की बदनामी होने से युवती के परिजनों ने मकान पर बिकाऊ लिखकर वे गांव छोड़कर चले गए हैं। इंस्पेक्टर संतोष कुमार त्यागी का कहना है कि प्रेमी युगल बालिग हैं, दोनों के कोर्ट मैरिज के लिए हाईकोर्ट जाने की जानकारी मिली है। पुलिस प्रेमी युगल को पकड़ने के लिए पुलिस टीम लगी है। शीघ्र ही दोनों को बरामद कर लिया जाएगा।