मुजफ्फरनगर। शहर कोतवाली क्षेत्र के गांव बहेड़ी निवासी ने तहरीर देकर बताया कि उसकी 15 साल की बेटी 18 मार्च को संदिग्ध हालात में लापता हो गई। तलाश करने पर पता चला कि गांव निवासी राजन व सपना किशोरी को बहला-फुसलाकर उसे अगवा कर ले गए हैं। किशोरी घर से 20 हजार की नकदी व सोने-चांदी के जेवर भी चोरी कर ले गई है। पीड़ित परिजनों ने पुलिस से कार्रवाई की गुहार लगाई, जिस पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
रुपये लेकर भी शादी में नहीं बनाया खाना
मुजफ्फरनगर। शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला रामपुरी निवासी अजीत ने तहरीर देकर बताया कि बेटी की शादी के लिए हलवाई पिंटू व शुभम को बुक किया था। आरोप है कि बुकिंग लेने के बावजूद आरोपियों ने बेटी की शादी में खाना नहीं बनाया। एडवांस दिए गए रुपयों का तकादा करने पर आरोपियों ने उसे धमकियां दीं। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर पिंटू को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि शुभम फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है।
संदिग्ध हालात में जली विवाहिता, मेरठ रेफर
तितावी। थाना क्षेत्र के गांव ढिंढावली निवासी रीना पत्नी अमित बृहस्पतिवार देर शाम संदिग्ध हालात में आग लगने से झुलस गई। शोर-शराबा होने पर पहुंचे परिजनों ने जैसे-तैसे कर रीना के शरीर में लगी आग बुझाई, जिसके बाद उसे जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से महिला को गंभीर हालत में मेरठ के लिए रेफर कर दिया गया है।