संदिग्ध हालात में महिला लापता
मुजफ्फरनगर। हरियाणा प्रांत के यमुनानगर के गीता भवन कैंप निवासी सुनील ने शहर कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि वह अपनी भाभी प्रार्थना पत्नी राकेश के साथ किसी काम से गांव कछौली आया था। यहां से सोमवार सुबह देवर-भाभी यमुनानगर लौट रहे थे। आरोप है कि जब वे चरथावल बस स्टैंड के निकट पहुंचे, प्रार्थना किसी काम की बात कहकर गाड़ी से उतरकर लापता हो गई। युवक ने भाभी की तलाश की, लेकिन उसका सुराग नहीं लगा। थक-हारकर पीड़ित ने शहर कोतवाली में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराते हुए बरामदगी की गुहार लगाई है।
तमंचे के साथ युवक को दबोचा
मुजफ्फरनगर। सिविल लाइंस थाना पुलिस ने सोमवार देर रात चेकिंग के दौरान घास मंडी से युवक को बाइक के साथ पकड़ा। तलाशी लेने पर आरोपी के पास से तमंचा भी बरामद किया गया। पुलिस ने आरोपी नइमुद्दीन उर्फ नईम को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
गोकशी के फरार चल रहे दो वांछित दबोचे
मुजफ्फरनगर। शहर कोतवाली पुलिस ने मोहल्ला खादरवाला के चमारान निवासी सलमान व आमिर को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों के खिलाफ गोकशी के मामले दर्ज हैं, जिनमें वे वांछित चल रहे थे। दोनों को जेल भेज दिया गया है।
भाकियू ने की प्रधानमंत्री के घेराव की घोषणा
छपार। 23 सितंबर से निकाली जाने वाली किसान क्रांति यात्रा की सफलता के लिए कस्बे में हुई बैठक में किसानों से इसमें अधिकाधिक संख्या में शामिल होने का आह्वान किया गया। भाकियू जिलाध्यक्ष राजू अहलावत ने कहा कि यात्रा की समाप्ति पर दो अक्तूबर को नई दिल्ली में प्रधानमंत्री का घेराव किया जाएगा। कस्बे में जुबेर उर्फ बब्लू त्यागी के आवास पर आयोजित भाकियू की बैठक में जिलाध्यक्ष ने कहा कि केंद्र व प्रदेश सरकार किसी भी तरह किसान को बर्बाद करने पर तुली हुई हैं, लेकिन भाकियू उसका मकसद पूरा नहीं होने देगी। उन्होंने बताया कि 23 सितंबर को हरिद्वार से शुरू होने वाले किसान क्रांति यात्रा 25 सितंबर को बरला इंटर कॉलेज पर पहुंचेगी। दो अक्तूबर को यात्रा में शामिल किसान नई दिल्ली के राजघाट पर पहुंचेंगे, जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का घेराव किया जाएगा। मंडल महासचिव नवीन राठी, मुकेश पुंडीर, मनोज सहरावत, इलियास, दिलशाद, असलम, ताजिम, यासीन, शहजाद त्यागी, अरशद अंसारी व मांगेराम त्यागी मौजूद रहे।
-