भोपा में महिला की मौत, हत्या का आरोप
भोपा। गांव नंगला बुजुर्ग में महिला की संदिग्ध हालात में हुई मौत की सूचना पर पुलिस दौड़ी। मृतका के परिजनों ने ससुराल पक्ष के लोगों पर हत्या करने का आरोप लगाते हुए पुलिस को सूचना दी थी। ससुराल पक्ष के लोगों ने महिला की मौत हार्टअटैक से हो जाने से बताई है।
गांव नंगला बुजुर्ग निवासी महिला संदिग्ध हालत में मौत हो गई। महिला की हत्या करने की सूचना एक युवक ने पुलिस को दी, तो पुलिस गांव में पहुंची और मामले की जांच पड़ताल करने में जुट गई। मृतक के भाई का आरोप था कि उसकी बहन की हत्या की गई है। उसने यह भी बताया कि उसकी बहन द्वारा जो गहने पहने हुए थे उन्हें भी ससुराल पक्ष के लोगों ने उतार लिए थे। सूचना पर थाना प्रभारी बीपी सिंह यादव, एसएसआई लेखराज सिंह भी गांव में पहुंचे और महिला की मौत का कारण जानने को पोस्टमार्टम कराने की बात की। गांव के जिम्मेदार लोगों ने दोनों पक्षों को बैठा कर मामले की जांच पड़ताल करने की बात कही। थाना प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि जांच पड़ताल के बाद पता चला कि महिला की मौत हार्टअटैक होने से हुई है। दोनों पक्षों ने किसी भी कार्रवाई करने से इंकार कर दिया था।