चरथावल। क्षेत्र के गांव बाढ़ में विजिलेंस टीम बताते हुए कुछ लोगों ने कई घरों में चेकिंग के नाम से हजारों रुपये ठग गए। शक होने पर ग्रामीणों ने पीछा करते हुए जलालाबाद से एक आरोपी को दबोच कर थाना थानाभवन पुलिस को सौंप दिया।
चरथावल थाना क्षेत्र के गांव बाढ़ में कार में कुछ लोग चेकिंग करने के नाम पर आ धमके। उन्होंने घरों में मीटर लगाने की बात कही। कुछ घरों में मीटर बंद होने की बात कहते हुए कार्रवाई की बात कही। जिससे घबराए लोगों ने आनन-फानन में चोरी के मुकदमे से बचने के लिए उन्हें रुपये देने शुरू कर दिए। जिसमें सतपाल से 20 हजार, सुरेंद्र से 10 हजार, शिवकुमार से 20 हजार और ओम से 15 हजार रुपये अवैध तरीके से वसूल कर चंपत हो गए। इसी बीच एक ग्रामीण को हसनपुर लुहारी बिजलीघर का कर्मचारी देखकर शक हो गया। ग्रामीणों ने डायल 100 पुलिस को सूचना देकर पुलिस को बुलाया और आरोपियों का पीछा किया और एक आरोपी जलालाबाद से दबोच लिया। उसे थानाभवन पुलिस को सौंपकर फर्जीवाड़ा कर रकम हड़पने वाले आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी। आरोप है कि फर्जीवाड़ा करने वाली टीम में जलालाबाद और लुहारी बिजलीघर के कुछ संविदा कर्मचारी भी मौजूद थे। ग्रामीणों ने लुहारी बिजलीघर पर हंगामा किया। ग्रामीण रामभूल सिंह, विनोद कुमार ने बताया कि कार्रवाई करने से खफा कर्मचारियों ने जानबूझकर ज्यादा तेज वोल्टेज में आपूर्ति चालू की। जिससे दर्जनों ग्रामीणों के केबिल पटक गए।