बुआड़ा रोड पर बृहस्पतिवार शाम को कार सवार युवकों ने छात्र का अपहरण कर लिया था। पुलिस ने छात्र को सकुशल एक व्यापारी की दुकान से बरामद कर लिया। पुलिस ने मामला पैसों का लेनदेन बताया है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
गांव मढ़करीमपुर निवासी आशु पुत्र देवी सिंह बृहस्पतिवार को अपने भतीजे कक्षा-10 के छात्र रोहित पत्र मानसिंह को लेकर खतौली से बाइक से गांव लौट रहा था। चाचा व भतीजा बुआड़ा रोड पर गुरुद्वारा के निकट बाइक पर खड़े थे। इसी दौरान कार में सवार तीन युवक पहुंचे और रोहित को कार में डाल कर ले गए। चाचा आशु ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने नगर के एक व्यापारी की दुकान से छात्र को सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस का कहना है कि व्यापारी का छात्र के साथ पैसे का लेनदेन था। पैसे लेने को व्यापारी अपने साथियों के साथ मिलकर छात्र को कार में डालकर ले गया था। पुलिस ने व्यापारी को रात में ही हिरासत में ले लिया था।
व्यापारी को छुड़ाने के लिए नगर के भाजपा नेता व व्यापारी लोग देर रात तक व्यापारी छुड़ाने में लगे रहे। बाद में पुलिस में अज्ञात कार सवारों के खिलाफ अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस ने व्यापारी को छोड़ दिया और छात्र को उसके परिजनों को सुपुर्द कर दिया।