पूर्व सांसद कादिर राना और सईदुज्जमां के विरुद्ध वारंट जारी
मुजफ्फरनगर। तेरह साल पहले दर्ज आदर्श चुनाव आचार संहिता के उल्लंघन के मामले में कोर्ट ने पूर्व सांसद कादिर राना और सईदुज्जमां के विरुद्घ गैर जमानती वारंट जारी किए हैं। कोर्ट ने उन्हें 16 अक्तूबर तक अदालत में पेश होने के आदेश दिए हैं।
वर्ष 2004 में शहर के खालापार में बिना अनुमति के एक चुनावी सभा की गई थी. जिसमें शहर कोतवाली पर कादिर राना और सईदुज्ज्मां आदि के खिलाफ आदर्श चुनाव आचार संहिता के उल्लंघन का मामला दर्ज कराया गया था। यह मुकदमा अदालत में विचाराधीन है, जिसमें तारीख पर कोर्ट में पेश नहीं होने पर सीजेएम गोपाल तिवारी ने पूर्व सांसद कादिर राना और सईदुज्जमां के विरुद्घ गैरजमानती वारंट जारी किए है। साथ ही आदेश दिया है कि उन्हें 16 अक्टूबर तक कोर्ट में पेश किया जाए।
अखिल गुप्ता हत्याकांड : हत्यारोपी कार्तिक पानीपत जेल आया
मुजफ्फरनगर। अखिल गुप्ता हत्याकांड के मुख्य आरोपी कार्तिक हलदर की तल्बी तामील नहीं हो सकी, क्योंकि वह अहमदाबाद जेल से पानीपत जेल शिफ्ट हो चुका है। अब पुलिस पुन: कोर्ट से बी वारंट लेकर पानीपत जेल में उसे तामील कराने जाएंगी।
संत आसाराम के रसोइये अखिल गुप्ता का मुख्य हत्यारोपी कार्तिक हलदर बीते दो साल से गुजरात की अहमदाबाद जेल में बंद था। मामले की जांच कर रही क्राइम ब्रांच अदालत से उसका बी वारंट लेकर अहमदाबाद गई, मगर वहां उसकी तलबी तामील नहीं हो सकी, क्योंकि वहां पर कार्तिक हलदर नहीं था। वहां के जेल प्रशासन ने बताया कि वह पानीपत जेल में शिफ्ट हो चुका है। क्राइम ब्रांच ने इस संबंध में कोर्ट को रिपोर्ट दे दी। अब 21 अगस्त को फिर से पानीपत जेल के लिए तल्बी जारी होगी।