10 पेटी नकली शराब बरामद
जानसठ। पुलिस ने दो शराब माफिया से नकली शराब की 10 पेटी बरामद की। आरोपी नकली शराब की बोतलों पर यूपी मार्का व फर्जी गेट पास व बिल बना कर क्षेत्र के शराब की दुकानों पर सप्लाई करने का धंधा करते थे। आरोपी पर एक दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उनका चालान किया।
पुलिस व आबकारी टीम द्वारा चेकिंग अभियान के दौरान खतौली तिराहे पर मुजफ्फरनगर की ओर से आ रही एक कार को रोक कर तलाशी ली। कार के अंदर देशी शराब की 10 पेटी बरामद हुई। पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया। इंस्पेक्टर आरवी कॉल ने बताया कि बुधवार की शाम पुलिस ने चेकिंग में कार के अंदर से देसी शराब की नकली 10 पेटियां बरामद की। आरोपियों ने पूछताछ में अपना नाम जितेंद्र उर्फ डॉक्टर पुत्र बुध सिंह चौधरी निवासी गांव हिंडोली, थाना भौंराकला, जिला मुजफ्फरनगर तथा दूसरे ने हितेश पुत्र सुरेंद्र सिंह निवासी मवी कलां, थाना बालैनी, जिला बागपत बताया। आरोपी जितेंद्र पुलिस को कई घंटे तक शराब की पेटियों के बिल व गेट पास दिखाकर गुमराह करता रहा। आरोपी के पास से बरामद देशी शराब के गोदाम का गेट पास, बिल फर्जी पाए गए। आरोपी फर्जी गेट पास व बिल बना कर क्षेत्र के शराब के ठेकों पर नकली शराब बनाकर उन पर यूपी मार्का लगाकर सप्लाई करते थे। आरोपियों पर करीब एक दर्जन मुकदमे दर्ज हैं।