सहारनपुर मंडल की अपर आयुक्त आभा रानी के नेतृत्व में राजस्व विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने सिकंदरपुर में जेसीबी मशीन चलवाकर सरकारी संपत्ति से अवैध कब्जा हटवा दिया। खाद के गड्ढे पर बने पक्के मकान को धराशायी कर दिया। राजस्व विभाग की कार्रवाई से गांव में हड़कंप मच गया।
श्रावस्ती मॉडल को क्रियान्वयन करने के लिए शासन के निर्देशों पर जिले की राजस्व विभाग की टीम ने सिकंदरपुर में खसरा नंबर 16 पर खाद के गड्ढों पर अतिक्रमण करने वाले कैलाश के मकान को गिरा दिया। इसके अलावा गांव में होलिका दहन के निर्धारित जमीन पर खसरा नंबर 177 पर ग्रामीणों के बिटौड़े आदि पर महाबली ने हटा दिया। अपर आयुक्त ने राजस्व टीम को खाद के खसरा नंबर को पूरी तरह खाली कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सरकारी संपत्ति कब्जा करने वाले को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। राजस्व निरीक्षक नेमपाल ने बताया कि गांव में चिह्नित कर अतिक्रमण हटाने का अभियान चलेगा। जनवरी महीने में बुड्ढ़ाखेड़ा, बिरालसी, कान्हाहेड़ी और लुहारी को पहली सूची में शामिल किया गया है। इन गांवों में भूमि विवादों का निस्तारण आपसी सुलह से कराने को अभियान अलग-अलग तारीखों में चलेगा। इन गांवों में सरकारी संपत्ति पर कब्जा करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। थाना प्रभारी जीसी शर्मा, राजस्व निरीक्षक संतराम, सचिन बालियान लेखपाल, श्रीचंद सैनी और अमर सिंह मौजूद रहे। टीम के साथ पुलिस बल मौजूद रहा।