छपार (मुजफ्फरनगर)। विदेश भेजने को लेकर एक ही परिवार के चार सदस्यों से 4.50 लाख रुपये ठग लिए गए। पीड़ित ने एसएसपी को प्रार्थनापत्र देकर रुपये वापस दिलवाने और सुरक्षा की गुहार लगाई है।
छपार के गांव खामपुर निवासी तसव्वर ने प्रार्थनापत्र में बताया कि दो वर्ष पूर्व थाना देवबंद के गांव फुलास निवासी चार व्यक्तियों ने उसके परिवार से चार युवकों को सऊदी भेजने के लिए आठ लाख रुपये की मांग की थी। जिसमें आधे रुपये पहले देने थे। उसने 4.50 लाख रुपये और पासपोर्ट दे दिए। कई माह बीत गए, तो उनसे बात की। आनाकानी करने पर उनसे कई बार रुपये वापस मांगे, तो उल्टे जान से मारने की धमकी देने लगे। उन्होंने दो माह पूर्व भी पुलिस को प्रार्थनापत्र देकर अवगत कराया। कोई कार्रवाई न होने पर पीड़ित ने एसएसपी को प्रार्थनापत्र देकर अपनी जान माल की सुरक्षा व इंसाफ दिलाने की गुहार लगाई है।