मुजफ्फरनगर। एसएसपी आवास के सामने एसडी कॉलेज के छात्रों के बीच जमकर मारपीट हुई, जिससे वहां पर अफरातफरी मच गई। हमले में एक छात्र घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने एक हमलावर को हिरासत में ले लिया। पीड़ित छात्र ने चार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के गांव शेरपुर निवासी मोहम्मद सुएब पुत्र मौहम्मद हसन ने सिविल लाइन थाने पर इस संबंध में रिपोर्ट दर्ज कराई। बताया कि वह एसडी कॉलेज में कक्षा 11 का छात्र है। बुधवार को कॉलेज गेट पर उसके साथ पढ़ने वाले दीपक, शाहनवाज आदि ने उसे पकड़ कर मारपीट की। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने एक आरोपी हमलावर को हिरासत में ले लिया। पुलिस बाकी आरोपियों की तलाश में जुटी है।
सड़क हादसे में युवक की मौत
मुजफ्फरनगर। नई मंडी क्षेत्र में बाईपास हाईवे पर पचेंडा कट के पास किसी वाहन की चपेट में आकर एक युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान चरथावल थाना क्षेत्र के गांव दहचंद निवासी अनुज कुमार के रूप में हुई है। वह बाइक से कहीं जा रहा था। मृतक के भाई रमन ने नई मंडी कोतवाली पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
वाहनों की भिडंत होने पर मारपीट
मुजफ्फरनगर। शहर कोतवाली पर तहरीर देकर लद्दावाला के मीरहसन ने बताया कि वह कार से वहलना चौक जा रहा था। रास्ते में बाइक सवार तीन युवकों ने उसकी कार मेें टक्कर मार दी। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की। पुलिस जांच पड़ताल कर रही है।
दंपति और बेटे पर हमला किया
मुजफ्फरनगर। हाजीपुरा निवासी अलमुद्दीन ने सिविल लाइन थाने पर तहरीर दी। बताया कि पड़ोसी लियाकत पक्ष ने घर में घुस कर उसे और पत्नी समीना और बेटे को हमला कर घायल कर दिया। पुलिस ने तीन हमलावरों को हिरासत में ले लिया है।
युवक लापता, अपहरण की आशंका
मुजफ्फरनगर। अदालत में तारीख पर आया युवक लापता हो गया। उसकी पत्नी ने रंजिश के चलते कुछ लोगों पर उसके पति का अपहरण करने की आशंका जताई है। कूकडा निवासी कमला पत्नी रोहताश ने एसएसपी को प्रार्थनापत्र दिया। बताया कि 20 नवंबर को उसका पति मुकदमें की तारीख मालूम करने के लिए कचहरी आया था, मगर लौट कर नहीं आया। उसने रंजिश के चलते कुछ लोगों पर पति का अपहरण कर हत्या करने की आशंका जताई है।