शेरपुर बवाल के आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज
मुजफ्फरनगर। शेरपुर बवाल के आरोपियों द्वारा कोर्ट के आदेश के बावजूद कोर्ट में सरेंडर न करने पर पुलिस ने कोर्ट की अवमानना का मामला दर्ज किया है।
जून माह में गोकशी की सूचना पर शेरपुर गांव में छापा मारने गई शहर कोतवाली पुलिस को आरोपियों ने बंधक बना लिया था। ग्रामीणों ने पुलिस पर जमकर पथराव किया था तथा पुलिस की बाइकें भी फूंक दी थी। इस मामले में पुलिस ने अब्दुल और कुर्बान पुत्रगण शराफत तथा तस्लीम पुत्र साजिद के घर पर 82 के नोटिस चस्पा किए थे, जिसमें आरोपियों को कोर्ट में सरेंडर करने के लिए समय दिया गया था, परंतु आरोपियों ने कोर्ट में सरेंडर नहीं किया, जिसके चलते पुलिस ने उक्त तीनों के खिलाफ कोर्ट की अवमानना करने का मामला दर्ज किया है।
ऑपरेटर से रेप का प्रयास
मुजफ्फरनगर। एक पेंटर ने घर में काम करने वाली कंप्यूटर ऑपरेटर के साथ रेप का प्रयास किया। शोर मचाने पर आरोपी ने जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गया। नईमंडी क्षेत्र की महिला ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उसके घर में मेरठ जिले के ग्राम निवासी युवक पुताई का कार्य कर रहा था, जबकि उसके घर पर एक कंप्यूटर आपरेटर भी काम कर रही थी। आरोप है कि पेंटर ने कंप्यूटर आपरेटर को अकेला पाकर उसके साथ रेप का प्रयास किया। शोर मचाने पर आसपास के लोग एकत्रित हुए तो आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।