अमर उजाला ब्यूरो
हिसार।
रेलवे रोड पर एसबीआई के एटीएम में रुपये जमा कराने की बात कहकर एक ठग बिहार के शंटू को 28 हजार रुपये और मोबाइल फोन की चपत लगाकर फरार हो गया। ठग का चेहरा सीसीटीवी में कैद हो गया है। पुलिस ने केस दर्ज किया है।
बिहार के गांव शहजादपुर गांव के शंटू का कहना है कि वह कुछ दिनों से पनिहार गांव में रहकर मजदूरी कर रहा है। उसने बताया कि वह रेलवे रोड पर एसबीआई में 30 हजार रुपये जमा कराने आया था। बैंककर्मी ने दो हजार रुपये जमा कर लिए। कर्मी ने बाकी के रुपये मशीन के जरिये जमा कराने की बात कही। शंटू उसके बाद एक तरफ आकर बैठ गया। उसे मशीन चलानी नहीं आती थी। इसी दौरान एक युवक पास आकर बोला कि वह उसके रुपये मशीन में जमा करवा देगा। यह बात कहकर वह उसे बस स्टैंड के पास ले आया। फिर वह बोला कि रुपये दे दो, बैंक में जाम करा दूंगा। इसके अलावा मोबाइल फोन काल करने के लिए मांग लिया। ठग रुपये और मोबाइल फोन लेकर फरार हो गया। शंटू ने काफी देर ठग की तलाश करने के बाद शहर थाने में शिकायत दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।