शहर में नाले से लाश मिलने से सनसनी
मुजफ्फरनगर। रेलवे रोड पर नाले से युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान नहीं हो सकी। पुलिस का अनुमान है कि शराब के नशे में नाले में गिरने से उसकी मौत हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
रेलवे रोड पर एक होटल के पास नाले में लोगों ने बुधवार दोपहर एक युवक का शव पड़े देखा। सूचना मिलने पर सिविल लाइन पुलिस ने मौके पर जाकर शव को बाहर निकाला। मृतक की पहचान कराने का प्रयास किया, मगर सफलता नहीं मिली। कुछ लोगों ने इतना जरूर बताया कि इस युवक को कई बार शराब पीकर घूमते हुए देखा था। पुलिस का अनुमान है कि शराब के नशे में नाले में गिरने से इस युवक की मौत हुई है। पुलिस ने साईंधाम के पास कबाड़ की दुकान करने वाले अरमान की ओर से रपट इत्तलाई दर्ज कर शव का पंचनामा भर कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इंस्पेक्टर सिविल लाइन जीसी शर्मा ने बताया कि इस संबंध में आसपास के थानों की पुलिस को भी अवगत करा दिया है, ताकि मृतक की पहचान हो सके।