स्टेशन पर युवक से लूट, बदमाश पकड़े
मुजफ्फरनगर। जीआरपी ने रेलवे स्टेशन पर युवक से मोबाइल, नगदी लूटने वाले दो बदमाशों को गिरफ्तार किया है। दोनों के कब्जे से लूटा गया माल बरामद कर लिया गया। जीआरपी ने पूछताछ के बाद दोनों का चालान किया है।
भोपा निवासी युवक मोनू बृहस्पतिवार दोपहर मेरठ जाने के लिए ट्रेन का इंतजार कर रहा था। इसी दौरान दो युवक आए और उसे पीटना शुरू कर दिया। दोनों युवकों ने उससे मोबाइल फोन और 300 रुपये लूट लिए। विरोध करने पर उसे धक्का देकर फरार हो गए। लूट की सूचना से स्टेशन पर अफरातफरी मच गई। जीआरपी ने दोनों युवकों को घेराबंदी कर दबोच लिया। पूछताछ में युवकों ने अपने नाम सोनू निवासी अलमासपुर और सागर निवासी दौराला, मेरठ बताए हैं। युवकों के पास से लूटा गया मोबाइल फोन और 300 रुपये बरामद हुए हैं। जीआरपी एसओ किशन अवतार ने बताया कि दोनों युवकों ने एक युवक से लूट की थी। जिन्हें यात्रियों के सहयोग से पकड़ लिया गया। दोनों युवकों से पूछताछ करने के बाद जेल भेजा गया है। उधर, रेलवे स्टेशन पर जीआरपी ने सुरक्षा की दृष्टि से चेकिंग अभियान चलाया। एसओ ने कहा कि बिना टिकट पकडे़ जाने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।