हत्याभियुक्तों को गिरफ्तार करो
खतौली। पुलिस नामजद चार हत्यारोपियों को अभी तक पकड़ नहीं सकी है। पीड़ित परिजनों का कहना है कि उनको फरार हत्यारोपियों से जान का खतरा बना हुआ है। पीड़ित परिवार के लोग हत्यारोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर एसएसपी से भी मिले। एसएसपी ने आरोपियों को गिरफ्तार कराने का आश्वासन दिया है। पुलिस इस मामले में चार नामजद हत्यारोपियों को पूर्व में ही जेल भेज चुकी है।
गांव दौहाड़ में 18 अगस्त को रास्ते पर लिंटर डालने को लेकर मांगेराम और शौराज पक्षों के बीच संघर्ष हो गया था। इस संघर्ष में शौराज का पुत्र तेजबीर घायल हो गया था, जिसकी 21 अगस्त को जिला अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई थी। 22 अगस्त को मृतक के भाई उधमसिंह ने ग्राम प्रधान शिवकुमार सहित भुजबीर, राजू, मांगे, हरीश, रामचंद्र, कालू व बबलू के विरुद्ध हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस ने बबलू, कालू, मांगे व राजू को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। बाकी चारों नामजद आरोपी अभी तक पकड़े नहीं जा सके हैं। पीड़ित उधम सिंह ने बताया कि मंगलवार को वह कुछ ग्रामीणों को साथ लेकर एसएसपी से मिला था। एसएसपी ने फरार हत्यारोपियों को शीघ्र गिरफ्तार करवाकर जेल भेजने का आश्वासन दिया है। पीड़ित परिजनों का कहना है फरार हत्यारोपियों से उनको जान का खतरा बना हुआ है।
तीन लोगों का शांतिभंग में चालान
रतनपुरी। पुलिस ने मजदूरी के रुपये मांगने को लेकर हुए झगड़े में तीन लोगों का शांतिभंग में चालान किया है।
इंस्पेक्टर सुभाष सिंह ने बताया कि थाना क्षेत्र के गांव मंडावली खादर निवासी बालिस्टर एवं दयाचंद पुत्रगण बुद्ध सिंह के महकार पुत्र बिशंभर पर मजदूरी के रुपये बकाया थे। मंगलवार दोपहर को जब बालिस्टर ने महकार से अपने मजदूरी के रुपये मांगे, तो बालिस्टर और दयाचंद की महकार के साथ कहासुनी हो गई। इसके बाद दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई। पुलिस ने झगड़ा कर रहे तीनों लोगों को हिरासत में लिया। पुलिस ने एक पक्ष के बालिस्टर व दयाचंद और दूसरे पक्ष से महकार पुत्र बिशंभर निवासी मंडावली खादर को शांतिभंग में चालान किया।