लोन दिलाने व समस्या निदान के नाम पर लाखों की ठगी
बुलंदशहर। खानपुर थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति से उसके पड़ोसी के दामाद ने लोन दिलाने व बाद में खाता बंद कराने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी कर ली। पीड़ित को जानकारी हुई तो उसने आरोपी से विरोध किया। जिसके बाद आरोपी ने अपने पुत्र के साथ मिलकर पीड़ित के साथ अभद्रता की और जान से मारने की धमकी दी।
क्षेत्र के गांव जवासा निवासी हरी सिंह पुत्र स्व. कुर्री सिंह ने एसएसपी को दिए शिकायती पत्र में बताया कि गांव में उनके नाम पर चार बीघा जमीन है। वर्ष 2006 में उन्होंने स्याना स्थित एक बैंक से जमीन पर 20 हजार रुपये का लोन लिया था। जिसे उसने बाद में चुका दिया था। वर्ष 2010 में उनकी मुलाकात गांव निवासी एक व्यक्ति के दामाद से हुई थी। पीड़ित को रुपयों की आवश्यकता हुई तो उसने उक्त व्यक्ति से बैंक से लोन कराने की बात कही। जिस पर आरोपी व्यक्ति ने लोन के कागजात पूरे कर एक बैंक से तीस हजार रुपये का लोनी पीड़ित की जमीन पर ले लिया। आरोप है कि व्यक्ति ने न पीड़ित को राशि दी और न ही लोन पास होने की जानकारी दी। लोन की जानकारी पीड़ित को नोटिस आने के बाद हुई थी। इसके अलावा पीड़ित ने एक अन्य बैंक से लिए गए लोन के निपटारे के लिए आरोपी को वर्ष 2016 में 1.45 लाख रुपये दिए थे। पीड़ित से आरोपी ने 21 हजार रुपये की मांग की और पुराने मामले भी निपटाने का आश्वासन दिया। लेकिन, आरोपी उक्त रकम को खुद ही हड़प कर गया। मामले की जानकारी होने पर पीड़ित ने जब आरोपी से इस बाबत शिकायत की तो आरोपी ने अपने पुत्र के साथ मिलकर पीड़ित के साथ अभद्रता की। साथ ही जान से मारने की धमकी दी है। पीड़ित ने एसएसपी से मामले में न्याय की गुहार लगाई है।