बच्ची को चुराने के शक में महिला को पकड़ा
खतौली (मुजफ्फरनगर)। रोडवेज बस में यात्रियों ने महिला को बच्ची चोरी कर ले जाने के शक में पकड़ लिया। यात्रियों ने थाने के सामने बस रुकवा कर महिला व बच्ची को पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने हिरासत में लेकर महिला से पूछताछ की। पूछताछ में सच्चाई का पता चला कि महिला ही बच्ची की मां है। पुलिस ने महिला के बयान की मोबाइल से वीडियो बनाकर वापस भेज दिया। इस मामले को लेकर घंटों रोडवेज बस थाने के बाहर ही खड़ी रही।
शनिवार दोपहर के बाद मेरठ की और से आ रही यात्रियों से भरी एक रोडवेज बस अचानक थाने के सामने आकर रुकी, जिसमें से उतरे यात्रियों ने एक महिला को पकड़ रखा था, जिसकी गोद में चार साल की बच्ची थी। यात्रियों ने थाने में महिला को पुलिस को सौंपते हुए उस पर बच्ची चोरी कर लेकर जाने का आरोप लगाया। यात्रियों ने पुलिस को बताया कि मेरठ से एक युवक रोडवेज बस का पीछा कर रहा था। जब बस सकौती और खतौली के बीच में पहुंची, तो युवक ने बस रुकवा ली। उस युवक ने बस चालक और यात्रियों से बताया कि महिला बच्ची को चुराकर ले जा रही है। यात्रियों ने बस में महिला को दबोच लिया। पुलिस ने महिला से पूछताछ की। पूछताछ करने पर बच्ची महिला की ही निकली। पुलिस ने महिला के बयानों की वीडियो बनाकर महिला को उसी बस में यात्रियों के साथ बैठाकर मुजफ्फरनगर की ओर रवाना कर दिया।