मुजफ्फरनगर। शहर से सटे अहमदनगर कूकड़ा में रविवार सुबह युवती से छेड़छाड़ को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए। दोनों पक्षों में जमकर संघर्ष के साथ ही पथराव भी हुआ, जिससे क्षेत्र में अफरातफरी मच गई। संघर्ष में युवती समेत पांच लोग घायल हो गए। पुलिस ने दोनों पक्षों से छह लोगों को हिरासत में ले लिया है।
नई मंडी कोतवाली क्षेत्र के अहमदनगर कूकड़ा निवासी युवती रविवार सुबह बहन के साथ घर से कहीं जा रही थी। जैसे ही वह घर से कुछ दूर पहुंची, वहां पहले से खड़े गुलबहार व एक युवक ने उसके साथ छेड़छाड़ कर दी। विरोध करने पर आरोपियों ने युवती के साथ बदसलूकी कर दी, जिसकी शिकायत पीड़िता ने घर जाकर परिजनों को दी। आरोप है कि युवती के परिजनों ने आरोपियों की कोशिश की, उक्त युवकों ने उनके साथ बदसलूकी कर दी। इसके बाद दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए, जिसके बाद उनके बीच जमकर संघर्ष के साथ ही ईंट-पत्थर भी चले। वहीं छेड़छाड़ पीड़ित युवती पर भी धारदार हथियार से वार किए गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों से छह लोगों को हिरासत में ले लिया है। देर शाम तक इस संबंध में किसी भी पक्ष की तरफ से तहरीर नहीं दी गई है। मामले में इंस्पेक्टर हरशरण शर्मा का कहना है कि दोनों पक्षों के बीच पुराना विवाद चल रहा है, जिसे लेकर उनके बीच कहासुनी के बाद मारपीट हुई है। फिलहाल दोनों पक्षों के कई लोगों को हिरासत में ले लिया गया है। तहरीर आने के बाद मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।