मुजफ्फरनगर। प्रेमी संग रहने की जिद अड़ी विवाहिता ने सिविल लाइन थाने पर हंगामा किया। पुलिस ने उसके प्रेमी को पहले ही हिरासत में ले रखा है। विवाहिता अपने प्रेमी के साथ जाने की जिद पर अड़ी हुई है। पुलिस अब विवाहिता को कोर्ट में पेश करने की तैयारी कर रही है।
सिविल लाइन थाना क्षेत्र के एक मोहल्ले की युवती का मोहल्ले के ही युवक के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। जिसकी जानकारी होने पर परिजनों ने युवती की शादी कर दी थी। युवती अपनी ससुराल से भागकर मायके आ गयी थी। इसके बाद वह अपने प्रेमी के साथ फरार हो गई थी। परिजनों नें युवती को बरामद कर लिया था, परंतु युवती के ससुरालियों ने उसे ले जाने से इंकार कर दिया था। फैसला होने पर युवती के परिजनों ने उसकी दूसरी जगह शादी कर दी थी, लेकिन युवती वहां से भी मायके आ गई और कुछ दिन पहले अपने प्रेमी के साथ फिर से फरार हो गई।
परिजनों ने उसके प्रेमी के खिलाफ सिविल लाइन पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने उसके प्रेमी को पकड़ा और बाद में युवती को मेरठ से बरामद कर लिया। युवती के मिलने पर उसके परिजन भी थाने पहुंच गए। पुलिस ने युवती को परिजनों के सुपुर्द करना चाहा तो उसने हंगामा कर दिया। वह प्रेमी संग रहने की जिद पर अड़ी है। पुलिस विवाहिता को अदालत में पेश करने की तैयारी कर रही है।
ठगी का शिकार हुए दंपति का हंगामा
मुजफ्फरनगर। ठगी का शिकार हुए दंपति ने शहर कोतवाली के गांव न्याजुपुरा में आरोपी तांत्रिक के यहां आकर हंगामा किया। मामला पुलिस तक पहुंचा। बाद में पुलिस ने दोनों पक्षों में समझौता करा दिया।
खतौली के भंगेला निवासी दंपति से आरोपी तांत्रिक ने ठगी की थी। परेशान महिला न्याजुपुरा में एक तांत्रिक के पास पहुंच उपचार कराने आई थी। तांत्रिक ने उपचार के लिए काफी धन की मांग की , जिस पर महिला ने 3500 रुपये एडवांस में दिए थे। जिसकी जानकारी होने पर महिला के पति ने इस संबंध में तांत्रिक से वार्ता की, मगर उसने रुपये वापस देने से इंकार कर दिया। सोमवार को दंपति यहां तांत्रिक के पास पहुंचे और अपने रुपये वापस करने की मांग को लेकर हंगामा किया। हंगामा होने की सूचना पर शहर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दंपति के रुपये वापस करवा कर दोनों पक्षों में समझौता करा दिया।