तितावी में बदमाशों ने राहगीरों को लूटा
तितावी (मुजफ्फरनगर)। बुड़ीना कलां के जंगल में बदमाशों ने राहगीरों से लूटपाट की। सिसौली से ट्रैक्टर लेकर आ रहे किसान से भी लूटपाट की गई। विरोध करने पर बदमाशों ने उसे धारदार हथियारों से घायल कर दिया।
तितावी क्षेत्र के बुड़ीना कलां के जंगल में सोमवार रात करीब आठ बजे बदमाशों ने राहगीरों से लूटपाट की। बदमाश राहगीरों से लूटते रहे और बंधक बनाकर ईंख के खेत में बैठाते रहे। इसी दौरान शहर कोतवाली के गांव सलेमपुर निवासी दीपांशु पुत्र हरेंद्र सिसौली से खेत जोतने के बाद ट्रैक्टर लेकर लौट रहा था। घटनास्थल पर पहुंचते ही घात लगाए बदमाशों ने उसे घेर लिया और तमंचे तान कर गोली मारने की धमकी देकर उससे 2600 रुपये, एटीएम कार्ड और मोबाइल लूट लिया। विरोध करने पर धारदार हथियारों से हमला कर दिपांशु को घायल कर दिया। इसी दौरान एक जीप के आने पर बदमाश फरार हो गए। लूट का शिकार हुए ट्रैक्टर चालक ने तितावी थाने पहुंचकर लूट की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस उसको साथ लेकर घटनास्थल पर पहुंची, मगर तब तक बदमाश फरार हो चुके थे। पीड़ित ने लूट की तहरीर पुलिस को दे दी है, मगर पुलिस ने लूट का मुकदमा दर्ज नहीं किया है।