शाहपुर। क्षेत्र के गांव तावली में हुई युवती की हत्या के मामले में दूसरे दिन भी पुलिस के हाथ खाली हैं। पुलिस ने घटना के खुलासे के लिए कई लोगों से पूछताछ की, लेकिन कोई नतीजा नहीं निकला।
गांव तावली में हुई 22 वर्षीय युवती शबीना पुत्री उमरजान की शनिवार को गला रेतकर हत्या कर दी गई थी। उसका शव गांव के बाहर अपने ही खेत से बरामद हुआ था। घटना के संबंध में मृतका के भाई सालिम ने मुकदमा दर्ज कराया था कि परिवार के सभी सदस्य रात में खाना खाकर सो गए थे, सुबह जब वे उठे तो उसकी बहन घर से लापता थी। गांव में जब उसकी तलाश कर रहे थे तो ग्रामीणों ने बताया कि एक युवती का शव खेत में पड़ा है। जिस पर वह खेत पर पहुंचे तो शव उसकी बहन शबीना का था। पुलिस ने हत्या में किसी परिचित का हाथ होने की आशंका व्यक्त करते हुए शनिवार को ही मृतका के पिता व भाई के अलावा अन्य लोगों से पूछताछ की, लेकिन कोई निष्कर्ष नहीं निकला। दूसरे दिन भी घटना के खुलासे को लेकर पुलिस ने कई लोगों से पूछताछ की। थाना प्रभारी विजय बहादुर सिंह ने बताया कि पुलिस कई बिंदुओं पर जांच कर रही है। शीघ्र ही घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।