कांधला। मदरसे के अध्यक्ष पद को लेकर दो पक्षों के लोग आमने सामने आ गए। इस दौरान जमकर लाठी-डंडे चले, जिसमें तीन लोग घायल हो गए। एक युवक को गंभीर हालत में जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया है।
थाना क्षेत्र के गांव गंगेरू में मदरसा इस्लामिया नूनिया अमीनुल फुरकान स्थित है। ग्रामीणों के अनुसार काफी समय से मदरसे अध्यक्ष हाफिज मुस्तकीम हैं। पिछले एक वर्ष से मदरसे के अध्यक्ष पद को लेकर हाफिज यूसुफ और हाफिज मुस्तकीम के बीच विवाद चला आ रहा है। शनिवार रात करीब 11 बजे हाफिज मुस्तकीम अपने बेटे मुफ्ती अब्दुल कादिर और अपने भाई आदिल के साथ मदरसे में जा रहे थे। आरोप है कि पहले से ही मदरसे में मौजूद हाफिज यूसुफ के पुत्र मसीउल्लाह के साथ मुफ्ती अब्दुल कादिर की कहासुनी हो गई जिसके बाद दोनों के बीच मारपीट हो गई। उस समय वहां पर मौजूद अन्य लोगों ने बीच बचाव करा दिया।
आरोप है कि कुछ देर के बाद मसीउल्लाह ने अपने परिवार के लोगों के साथ मिलकर हमला बोल दिया। इस बीच दूसरे पक्ष से भी काफी संख्या में लोग बचाव के आ गए दोनों पक्षों के लोगों के बीच लाठी-डंडे चले। मारपीट में एक पक्ष से मसीउल्लाह जबकि, दूसरे पक्ष से अब्दुल कादिर और आदिल घायल हो गए। सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों के घायलों को कस्बे के राजकीय अस्पताल में भर्ती कराया। चिकित्सकों ने अब्दुल कादिर की हालत को गंभीर हालत में जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। दोनों पक्षों के लोगों ने एक दूसरे पर आरोप प्रत्यारोप लगाते हुए थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।