विद्युत निगम की टीम के साथ की अभद्रता
देवबंद (सहारनपुर)। नगर के मजनूवाला मार्ग पर लाइन ठीक कराने गई विद्युत निगम की टीम के साथ अभद्रता की गई। इस दौरान विद्युत आपूर्ति बंद करने से नाराज उपभोक्ता ने निगम के जेई, लाइनमैन और ठेकेदार को काम करने से रोक दिया। टीम को वहां से भागकर जाना पड़ा। थाने में तहरीर देने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
बृहस्पतिवार को विद्युत निगम के अवर अभियंता अरविंद कुमार ने कोतवाली में दी तहरीर में बताया कि बुधवार रात करीब 11.45 बजे वह ठेकेदार हाजी मुस्तकीम और संविदाकर्मी लाइनमैन मोहम्मद महमूद को साथ लेकर मजनूवाला मार्ग पर खराब विद्युत लाइन को ठीक करा रहे थे। आरोप है कि मोहल्ला सराय पीरजादगान निवासी एक व्यक्ति वहां पहुंचा और विद्युत सप्लाई बंद होने के कारण आते ही अभद्रता करने लगा। ऐसा करने से मना किया तो वह गुस्से में आ गया। उसने लाइनमैन महमूद के साथ अभद्रता करते हुए उसे कार्य करने से रोक लिया। इससे सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न हुई। जेई के मुताबिक इस व्यक्ति के विरोध के कारण उन्हें वहां से जाना पड़ा। जेई ने तहरीर देकर पुलिस से आरोपी के विरुद्ध सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न करने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में आरोप में रिपोर्ट दर्ज करने की मांग की है।