फोन करने से मना किया तो युवती को दी तेजाब डालने की धमकी
देवबंद (सहारनपुर)। युवती ने फोन पर बात करने से मना किया तो युवक इतना नाराज हो गया कि उसने घर में घुसकर युवती को तेजाब डालने की धमकी दे डाली। पीड़िता ने परिजनों के साथ कोतवाली पहुंचकर पुलिस से धमकी देने वाले के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई किए जाने की गुहार लगाई है।
बृहस्पतिवार को परिजनों के साथ कोतवाली पहुंची युवती ने पुुलिस को दी तहरीर में बताया कि मोहल्ला नीमतला (बेरुन कोटला) निवासी एक युवक उसे बार बार फोन कर परेशान करता है और बात करने का दबाव बनाता है। इतना ही नहीं बात न करने पर वह उसके मोबाइल पर अश्लील मेसेज भेजता है व अभद्रता करता है। युवती का आरोप है कि बृहस्पतिवार दोपहर युवक मौका पाकर घर में घुस गया तथा गाली गलौज करते हुए उसे चेहरे पर तेजाब डालकर झुलसाने की धमकी दी। जब उसने शोर मचाया तो युवक वहां से फरार हो गया। इंस्पेक्टर आनंद देव मिश्रा का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी की गिरफ्तारी करके उसे जेल भेजा जाएगा।