खेड़ी विरान में युवक पर कातिलाना हमला
सिखेड़ा। गांव खेड़ी विरान में बच्चों के बीच खेलने को लेकर हुए विवाद के बाद एक पक्ष ने घर में घुसकर युवक पर कातिलाना हमला कर दिया। पुलिस ने छह के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
थाना क्षेत्र के गांव खेड़ी विरान निवासी आसिफ ने तहरीर देकर बताया कि उसके परिवार के बच्चों का रविवार को खेल-खेल में गांव के ही इरशाद पक्ष के बच्चों के साथ विवाद हो गया था। आरोप है कि इसी विवाद में देर रात इरशाद पक्ष कई लोगों के साथ आसिफ के घर जा पहुंचा और उस पर लाठी-डंडे व धारदार हथियारों से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। हमले की सूचना पर रात में ही थाना पुलिस गांव में पहुंची और एक आरोपी सुल्तान को हिरासत में लेते हुए घायल आसिफ को उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर इरशाद, नौशाद, सुल्तान, राशिद, कैफ व जाहिद के खिलाफ कातिलाना हमले सहित अन्य संगीन धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर गिरफ्तार किए गए सुल्तान को जेल भेज दिया है।