शुगर मिल में कर्मचारी पर हमला
खतौली। शुगर मिल में किसान ने डंडा मारकर मिल के कर्मचारी का सिर फोड़ दिया। इस मामले को लेकर मिल कर्मचारियों में अफरातफरी मच गई। मिल में हंगामा खड़ा हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने किसान को हिरासत में ले लिया है।
गांव गंगधाड़ी निवासी किसान रोहित मंगलवार की सुबह गन्नों से भरी अपनी भैंस बुग्गी लेकर शुगर मिल में तुलवाने के लिए गया। मिल में गांव गंगधाड़ी निवासी विदेश पुत्र कालूराम पर्ची चेक करने का काम करता है। आरोप है कि किसान रोहित के गन्ने में अधिक पत्ती थी। इसलिए कर्मचारी ने गन्ना लेने से इंकार कर दिया। इसी बात को लेकर किसान और मिल कर्मचारी में कहासुनी हो गई। गुस्साए किसान ने मिल कर्मचारी के सिर में डंडा मार दिया। डंडा सिर में लगते ही मिल कर्मचारी लहूलुहान हो गया। मिल कर्मचारी के घायल होने से अन्य कर्मचारियों में अफरातफरी मच गई। इसको लेकर मिल में हंगामा खड़ा हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने किसान रोहित को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने घायल मिल कर्मी का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उपचार कराया। मिल के सुरक्षा अधिकारी की ओर से पुलिस को तहरीर दे दी गई है। पुलिस ने तहरीर लेकर कानूनी कार्रवाई प्रारंभ कर दी है।