अवैध शराब बनाते तीन दबोचे, एक फरार
मीरापुर। आबकारी विभाग व थाना पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाते हुए अवैध रूप से शराब बना रहे तीन आरोपियों को मुठभेड़ में गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। एक आरोपी फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है। आरोपियों के कब्जे से बड़ी मात्रा में रेक्टिफाइड स्प्रिट शराब, अवैैध शराब बनाने का सामान, पुलिस मित्र के पहचान पत्र, दो देशी मस्कट और कारतूस बरामद किए गए हैं।
कस्बे के मोहल्ला खटीकान में चार दिन पूर्व जहरीली शराब पीने से आदेश व कृष्ण की मौत होने के बाद से थाना पुलिस व आबकारी विभाग में हड़कंप मचा हुआ है। मंगलवार देर रात इंस्पेक्टर पंकज त्यागी व आबकारी इंस्पेक्टर जयकमल कुलश्रेष्ठ ने टीम के साथ सूचना के आधार पर मीरापुर-रामराज रोड पर टूटी पुलिया के निकट बंद होटल पर छापेमारी की। इंस्पेक्टर ने बताया कि होटल के एक कमरे में चार लोग रेक्टिफाइड स्प्रिट मिश्रित शराब तैयार कर पव्वों में भर रहे थे। पुलिस टीम को देखते ही आरोपियों ने फायरिंग करते हुए वहां से भागने का प्रयास किया, जिसमें टीम बाल-बाल बच गई। इसके बाद जवाबी कार्रवाई करते हुए ओमप्रकाश पुत्र कलीराम निवासी मोहल्ला कोटला, राजकुमार उर्फ घोड़ा पुत्र लल्लू निवासी गांव मुकल्लमपुरा और रमेश पुत्र सुक्खन निवासी मेन रोड कैथोड़ा को गिरफ्तार कर लिया गया। वहीं, इनका चौथा साथी विपिन पुत्र राधेश्याम निवासी मौहल्ला लाड़ोवाला कुआं फरार हो गया। पकड़े गए आरोपियों से दो देशी मस्कट, एक तमंचा, चार कारतूस, दो बड़ी केनों में रखी गई 33 लीटर रेक्टिफाइड निर्मित अवैध शराब, 24 पव्वे रेक्टिफाइड स्प्रिट मिश्रित शराब, एक सफेद पन्नी में 700 ग्राम यूरिया, 92 खाली पव्वे, 57 होलोग्राम तथा अन्य सामग्री बरामद की है। इसके साथ ही आरोपियों से पुलिस मित्र के तीन पहचान पत्र भी बरामद किए गए हैं। आबकारी इंस्पेक्टर द्वारा चारों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर तीन आरोपियों को जेल भेज दिया है। वहीं, फरार आरोपी की तलाश में ताबड़तोड़ दबिश दी जा रही है।