देवबंद से स्कूल वैन चोरी कर लाते दो दबोचे
मुजफ्फरनगर। देवबंद के भायला रोड से स्कूल वैन चोरी कर शहर की तरफ आ रहे दो युवकों को पुलिस ने रोहाना से पकड़ते हुए वैन को भी कब्जे में ले लिया है। आरोपी रोहाना में चोरी की गई वैन का पंक्चर हुआ टायर ठीक करा रहे थे, लेकिन इसी दौरान वायरलेस पर मेसेज फ्लैश होने के चलते पुलिस ने दोनों को दबोच लिया। पूछताछ में दोनों ने नशे में होने के कारण स्कूल वैन चोरी करने की जानकारी दी है।
देवबंद निवासी अखिल बजाज रविवार देर रात दिल्ली से लौट रहा था। देवबंद के लिए सीधी वाहन सेवा न होने से वह रात करीब 12.30 बजे रोडवेज बस से शहर के शिवचौक पर आया, जहां से उसने देवबंद के गांव गुनारसा निवासी परिचित अर्जुन को फोन कर यहां से ले जाने के लिए कहा। अखिल की कॉल आने के बाद अर्जुन बाइक पर गुनारसा से रात में ही उसे लेकर जाने के लिए शिवचौक पहुंच गया, जहां से दोनों बाइक से एक साथ देवबंद के लिए रवाना हो गए। रास्ते में दोनों ने शराब व नशे की गोलियां प्रयोग कर लिया, जिसके बाद नशे में ही बाइक चलाते हुए सोमवार तड़के करीब चार बजे वे देवबंद जा पहुंचे। देवबंद पहुंचने पर आरोपियों ने अखिल के परिचित के घर बाइक खड़ी की और नशे की हालत में घूमते हुए देवबंद के भायला रोड पर पहुंच गए। दोनों आरोपियों ने भायला रोड पर खड़ी एक स्कूल वैन चोरी कर ली और उसे लेकर फिर से मुजफ्फरनगर की तरफ चल दिए। नशे की हालत में ही चोरी की गई स्कूल वैन लेकर दोनों जब रोहाना पहुंचे तो वहां वैन का पहिया पंक्चर हो गया। इस पर दोनों रोहाना में ही एक टायर पंक्चर की दुकान पर खड़े होकर दुकान खुलने का इंतजार करने लगे। उधर, देवबंद से स्कूल वैन चोरी होने की सूचना पर देवबंद पुलिस ने इसका वायरलेस मेसेज फ्लैश कर दिया, जिसकी जानकारी मिलने पर पुलिस स्कूल वैन की तलाश करने लगी। इसी दौरान शहर कोतवाली पुलिस ने जब चोरी हुई स्कूल वैन को रोहाना में खड़े देखा तो वैन के साथ वहां मौजूद दोनों युवकों को हिरासत में ले लिया। इस दौरान भी दोनों युवक भारी नशे की हालत में थे, जिन्होंने वैन लेकर वहां तक पहुंचने की कोई जानकारी नहीं होने की बात कही। पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेते हुए चोरी की गई स्कूल वैन जब्त करते हुए इसकी सूचना देवबंद पुलिस को दी है।