पिस्टल और बाइक समेत दो बदमाश दबोचे
मुजफ्फरनगर। सिविल लाइंस थाना पुलिस ने बझेडी फाटक के पास से बाइक सवार दो बदमाशों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से संदिग्ध बाइक पिस्टल और तमंचा बरामद किया गया है। पूछताछ में बदमाशों ने लूट व डकैती की कई घटनाओं में शामिल रहने का खुलासा किया है।
सिविल लाइंस इंस्पेक्टर डीके त्यागी ने बताया कि एसआई कपिलदेव एसआई बचन सिंह अत्री, कांस्टेबल अरविंद कुमार रविवार रात बझेडी फाटक से रुड़की रोड की तरफ जाने वाले मार्ग पर चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान बाइक सवार तीन युवकों को रोकने का प्रयास किया। इस दौरान एक युवक बाइक से कूदकर फरार हो गया , जबकि दो को मौके पर ही दबोच लिया गया। पकड़े गए युवकों से एक पिस्टल एक तमंचा और एक संदिग्ध बाइक बरामद की गई है। इंस्पेक्टर के अनुसार पकड़े गए बदमाश शकील उर्फ सलीम काला पुत्र इकराम लुहार निवासी गांव पलडा शाहपुर और रिजवान उर्फ कल्लू पुत्र शमीम सैफ़ी निवासी शाहपुर के मोहल्ला कस्सावान शामिल हैं। वहीं फरार हुए बदमाश की पहचान सिटी कोतवाली के मोहल्ला खादरवाला निवासी तनवीर उर्फ सोनू पुत्र डॉक्टर अली हसन के रूप में हुई है। पकड़े गए बदमाश शातिर अपराधी हैं, जिनके खिलाफ सहारनपुर के बेहट थाना क्षेत्र में लूट व डकैती के कई मामले दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार तीनों बदमाशों ने करीब दो माह पूर्व सिटी के रेलवे रोड पर एक व्यापारी की आंखों में मिर्च डालकर लूट का प्रयास किया था, लेकिन उन्हें सफलता नहीं मिली थी। पकड़े गए बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया गया है।