खतौली (मुजफ्फरनगर)।
एनएच-58 पर पुलिस से बचकर भाग रहे कार सवार दिल्ली के छात्रों ने पुलिस के आठ बैरियर तोड़ डाले। कार की टक्कर लगने से दरोगा घायल हो गया। इस दौरान कई सिपाही बाल बाल बच गए। करीब 28 किलोेमीटर तक पुलिस ने पीछा कर छात्रों को पकड़ लिया। कार में दो छात्रों के साथ एक छात्रा भी मिली। युवक शराब के नशे मेें थे, शक होने पर पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया था। घायल दरोगा की ओर से तीनों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
बृहस्पतिवार की रात करीब 12 बजे देहरादून से दिल्ली जा रही होंडा सिटी कार सवार युवकों पर पुलिस को संदिग्ध होने का शक हुआ। पुलिस ने हाइवे पर कार का पीछा करना शुरू कर दिया। पुलिस की गाड़ी पीछे लगने पर युवकों ने कार की स्पीड तेज कर दी। वायरलेस पर सूचना देने पर मंसूरपुर पुलिस ने बैरियर लगाकर कार को रोकने का प्रयास किया। मगर, कार सवारों ने रुकने के बजाए टक्कर मारकर बैरियर तोड़ दिए। मंसूरपुर से वायरलेस पर खतौली पुलिस को सूचना दी गई। खतौली पुलिस ने भी कार का पीछा करना शुरू कर दिया। हाइवे पर चीतल कट के पास पुलिस ने बैरियर लगा दिया। कार सवारों इन बैरियरों को भी तोड़कर दूसरी साइड से भागने लगे। भंगेला पुलिस चौकी के सामने पुलिस ने बैरियर लगा दिए। दूसरी साइड में पुलिसकर्मी खड़े हो गए और कार को रोकने का इशारा किया। युवकों ने कार को डिवाइडर पर से कूदाकर दूसरी साइड में लगाए गए बैरियर को भी तोड़ दिया। वहां खड़े चौकी प्रभारी प्रदीप कुमार चीमा को कार से टक्कर मार दी। इसमें दरोगा का हाथ टूट गया और वह घायल होकर सड़क पर जा गिरे। इस दौरान वहां मौजूद कई पुलिसकर्मी कार के नीचे आने से बाल बाल बच गए। युवकों ने कार की स्पीड और तेज कर दी। पुलिस कार का पीछा करती रही। दौराला क्षेत्र में टोल प्लाजा पर पुलिस ने कार को पकड़ लिया। पुलिस ने कार सवार दो युवकों और एक युवती को दबोच लिया।
सीओ राजीव कुमार सिंह ने बताया कि कार सवार युवक और युवती बीए के छात्र हैं। पढ़ाई के साथ साथ गुड़गांव की एक कंपनी में नौकरी भी करते हैं। पकड़े गए छात्रों ने अपने नाम दिल्ली के जनकपुरी निवासी तुषार मित्तल और केरल निवासी रतिन बताए हैं। सीओ ने बताया कि युवक शराब के नशे में थे। दोनों युवकों और युवती के विरुद्ध घायल दरोगा की ओर से धारा 307 का मुकदमा दर्ज कराया गया है। आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। उधर, घायल दरोगा को मेरठ अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आरोपियों में एक दिल्ली पुलिस के सिपाही का बेटा बताया गया है।