कार से भारी मात्रा में कच्ची शराब बरामद
मुजफ्फरनगर। आबकारी विभाग और पुरकाजी पुलिस ने झबरपुर के जंगल से भारी मात्रा में कच्ची शराब पकड़ी है। कार में शराब को ले जाया जा रहा था। छापे के दौरान चालक कार को छोड़ कर फरार हो गया।
जिला आबकारी अधिकारी अखिलेश कुमार सिंह ने बताया कि सूचना मिली थी कि पुरकाजी से लक्सर मार्ग पर कुछ शराब तस्कर खादर से कच्ची शराब लेकर आ रहे है। जो किसी वाहन में है। आबकारी निरीक्षक टीएस त्यागी ने आबकारी टीम और पुरकाजी पुलिस के साथ झबरपुर के पास वाहनों की चेकिंग का अभियान चलाया। इस दौरान आई एक कार को रोकने का प्रयास किया तो चालक भाग खड़ा हुआ।
टीम ने पीछा किया तो चालक एक स्थान पर कार को छोड़ कर जंगल में फरार हो गया। कार की तलाशी लेने पर उसमें 200 मीटर कच्ची शराब बरामद की गई। शराब को चार बड़ी केन में भर कर ले जाया जा रहा था। जिला आबकारी अधिकारी ने बताया कि कार के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर शराब तस्कर की तलाश की जा रही है।