रैदासपुरी में दो समुदायों के बीच संघर्ष
मुजफ्फरनगर। मोहल्ला रैदासपुरी में गाजावाली पुलिया के निकट शनिवार देर रात घर के बाहर बाइक खड़ी करने को लेकर दो युवकों में कहासुनी के बाद मारपीट हो गई। विवाद बढ़ने पर दो समुदाय के लोग आमने-सामने आ गए, जिससे सांप्रदायिक तनाव के हालात उत्पन्न हो गए। फोर्स के साथ पहुंचे अफसरों ने दो युवकों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि तीसरा फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है।
सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के मोहल्ला रैदासपुरी में गाजावाली पुलिया के पास रहने वाला सोनू पंजाबी शनिवार देर रात नशे में बाइक लेकर अपने घर पहुंचा था। मोहल्ले में दोनों समुदाय के लोगों की मिलीजुली आबादी है, जिसके चलते वहां पहले से मौजूद दूसरे समुदाय के शोबी नामक युवक से उसकी किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर शोबी ने अपने भाई व कुछ साथियों के साथ मिलकर सोनू पंजाबी के साथ मारपीट कर दी। शोर मचाने पर सोनू का भाई व पत्नी उसे बचाने पहुंचे तो उनके साथ भी मारपीट करते हुए महिला के के साथ बदसलूकी की गई। यह देख सोनू पंजाबी पक्ष के लोगों ने बीचबचाव का प्रयास किया तो उनके साथ भी बदसलूकी की गई। इसके बाद दोनों समुदाय के लोग आमने-सामने आ गए, जिसके चलते क्षेत्र में सांप्रदायिक तनाव के हालात उत्पन्न हो गए। घटना की सूचना मिलते ही इंस्पेक्टर सिविल लाइंस डीके त्यागी फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर शांत कर स्थिति पर काबू पाया। इसके बाद एक पक्ष से सोनू पंजाबी व दूसरे पक्ष से शोबी को हिरासत में ले लिया गया, जबकि शोबी का भाई फरार हो गया। इंस्पेक्टर डीके त्यागी ने बताया कि बाइक खड़ी करने को लेकर देर रात दो समुदाय के युवकों में मारपीट हुई थी, जिसमें हिरासत में लिए गए दोनों युवकों का रविवार को शांतिभंग की आशंका में चालान कर दिया गया है।
ृ