पति समेत छह आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज
मीरापुर (मुजफ्फरनगर)। कोटला निवासी महिला ने मेरठ निवासी पति व ससुराल पक्ष पर बेटा पैदा न होने पर दहेज उत्पीड़न करने व बेटी की हत्या करने की धमकी दिए जाने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की गुहार लगाई। पुलिस ने एसएसपी के आदेश पर एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कस्बे के मोहल्ला कोटला निवासी आयशा पुत्री अनवार ने तहरीर देकर बताया कि उसका निकाह 19 अप्रैल 2015 को मेरठ निवासी आबिद के साथ हुआ था। शादी में करीब 15 लाख रुपये खर्च किए गए थे। पीड़िता के अनुसार शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष कम दहेज लाने को लेकर उसके साथ मारपीट करता था। 11 मई 2016 को उसने बेटी को जन्म दिया। आरोप है कि बेटी को जन्म देने के बाद सास जमीला, ससुर इकबाल, पति आबिद, देवर साजिद व ननदों आयशा व आबिदा ने उसे बेटा पैदा नहीं करने को लेकर अपमानित करना शुरू कर दिया। इसके साथ ही उसे अपने घर से नकदी-जेवर लाने अन्यथा उसके साथ ही सवा दो साल की बेटी की भी हत्या करने की धमकी दी जाने लगी। इसके चलते महिला मायके लौट आई, जिसके बाद उसने आरोपी पति व ससुराल पक्ष के खिलाफ तहरीर देते हुए कार्रवाई की गुहार लगाई। एसएसपी सुधीर कुमार सिंह के आदेश पर पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
ृ