ट्रक से साढ़े चार लाख की दवाईयां उड़ाई
मुजफ्फरनगर। मीनाक्षी चौक पर ट्रक खड़े ट्रक से चोरों ने करीब साढ़े चार लाख रुपये की कीमत की दवाईयां चोरी कर ली। ट्रक चालक ने इस संबंध में शहर कोतवाली पर तहरीर दी है। पुलिस जांच-पड़ताल कर रही है।
शहर कोतवाली पर सहारनपुर के नांगल क्षेत्र के गांव ईशापुर के ट्रक चालक मुकेश पुत्र बसंत ने इस संबंध में तहरीर दी। बताया कि वह गाजियाबाद से दवाइयों ट्रक में भर कर सहारनपुर के लिए चला था। रात को वह यहां मीनाक्षी चौक के पास पहुंचा। उसने ट्रक को यहां पर खड़ा किया और चाय पीने चला गया। जब वह चाय पीकर लौटा, तो पाया किसी ने ट्रक की त्रिपाल काट कर ट्रक से 13 पेटियां दवाई की चोरी कर ली। चोरी गई दवाईयां करीब साढ़े चार लाख रुपये कीमत की बताई गई है। पुलिस ने जांच-पड़ताल शुरू कर दी है।
द्वारिकापुरी से स्कूटी चोरी
मुजफ्फरनगर। नईमंडी के मोहल्ला सुभाषनगर के हरविंदर सिंह ने पुलिस को तहरीर दी। बताया कि वह द्वारिकापुरी में किसी कार्य से गया था। वहां से किसी ने उसकी एक्टिवा चोरी कर ली। पुलिस ने चोरी का मामला दर्ज कर लिया है।
फर्जी नंबर लगाने का आरोप
मुजफ्फरनगर। चरथावल निवासी सजील अहमद पुत्र हाजी सगीर अहमद ने एसएसपी को प्रार्थना पत्र दिया। बताया कि उसकी केंटर गाड़ी के कागजात अगस्त माह में गुम हो गए थे। उसकी केंटर का नाम किसी व्यक्ति ने अपनी केंटर पर लगा लिया। कुछ दिन पहले गुलावटी पुलिस ने शराब तस्करी करते हुए केंटर पकड़ी, जिस पर उसकी केंटर का नंबर पड़ा था। पीड़ित ने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।