मीरापुर (मुजफ्फरनगर)। बीआईटी कॉलेज में चोरी का कंप्यूटर ले जाते हुए चोर को कॉलेज के कर्मचारियों ने रंगेहाथ पकड़कर पुलिस को सौंप दिया।
बीआईटी कालेज में मंगलवार सुबह कुछ चोर घुस गए। चोरों ने कॉलेज से कंप्यूटर सीपीयू आदि तथा अन्य सामान चोरी कर लिया। कॉलेज के गार्डों ने चोरों का जंगल में पीछा किया, तब गार्डों को एक चोर को मय सामान के दबोच लिया। पकड़े गए आरोपी ने अपना नाम अरविंद पुत्र ब्रह्मपाल निवासी कैल्लापुर बताया। इस चोर को गार्डों ने पुलिस के हवाले कर दिया। दूसरे चोर का नाम अरविंद ने रविंद्र पुत्र सुखबीर निवासी कैल्लापुर बताया है। कॉलेज के डिप्टी रजिस्ट्रार मुकुल जैन ने इस संबंध में मुकदमा दर्ज कराया। पुलिस ने पकड़े गए आरोपी को चालान कर जेल भेज दिया। फरार उसके साथी की तलाश की जा रही है।
कोहरे में बाइक टकराई, तीन घायल
मीरापुर (मुजफ्फरनगर)। सड़क दुर्घटना में बाइक सवार तीन युवक घायल हो गए, जिन्हें जानसठ अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कोहरे के कारण बाइक पर सवार नईम पुत्र जुल्फिकार, रिजवान पुत्र कुरबान, सलमान गांव संभलहेड़ा जा रहे थे। इसी दौरान लेंटर डालने वाली मिक्चर मशीन से टकरा गए। तीनों युवकों को गंभीर हालत में जानसठ अस्पताल में भर्ती कराया गया।