मामूली विवाद में घर में घुसकर हमला
मुजफ्फरनगर। शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला रामपुरी निवासी मनोज ने तहरीर देकर बताया कि उसके सिविल लाइंस निवासी कमल उर्फ राजू पर 40 हजार रुपये उधार हैं। आरोप है कि उधार दी गई रकम का तकादा करने पर आरोपी अपने साथी मामचंद के साथ मिलकर घर में घुस आया। इसके बाद आरोपी ने मनोज के साथ गालीगलौज करते हुए मारपीट कर दी। शोर मचाने पर परिजन उसे बचाने पहुंचे तो आरोपी जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। पुलिस ने तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
महिला से मारपीट कर रुपये छीने
मुजफ्फरनगर। सहारनपुर बस स्टैंड निवासी साक्षी ने शहर कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि वह शनिवार दोपहर जिला अस्पताल में आई थी। आरोप है कि जिला अस्पताल के बाद सार्वजनिक शौचालय संचालक ने उससे अस्पताल आने की बाबत पूछा। बताने से इंकार करने पर आरोपी ने साक्षी के साथ मारपीट कर दी। इस दौरान चूड़ी टूटने से साक्षी की कलाई भी लहूलुहान हो गई। आरोप है कि इसके बाद आरोपी महिला से पांच सौ रुपये छीनकर धमकी देकर फरार हो गया। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।