मंसूरपुर (मुजफ्फरनगर)। गांव नावला में सोमवार की रात को शराब के नशे में बारातियों और घरातियों में मारपीट हो गई। मारपीट से शादी समारोह में अफरातफरी मच गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने कई लोगों को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने दोनों पक्षों के एक दर्जन से अधिक लोगों का शांतिभंग करने के आरोप में चालान किया है।
मंसूरपुर के दरोगा ओमप्रकाश सिंह ने बताया कि सोमवार की रात को गांव नावला में कर्ण के परिवार में लड़की की शादी थी। बारात मेरठ जनपद के गांव खानपुर से आई थी। रात के समय बारातियों तथा लड़की पक्ष के लोगों में किसी बात को लेकर आपस में कहासुनी के बाद मारपीट हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लड़की पक्ष के कर्ण, चाहत, राकिब, सोकिंद्र, राजपाल, मिंटू, रोहित, राहुल, आसिफ तथा बारात पक्ष के फारूख, गौरव, रिंकू, राजन को हिरासत में ले लिया। मंगलवार की सुबह इन लोगों का शांतिभंग करने के आरोप में चालान कर दिया। दरोगा ने बताया कि दोनों परिवार सिकलीगर घुमंतू जाति से ताल्लुक रखते हैं।