सरकुलर रोड पर छात्र गुटों में संघर्ष
मुजफ्फरनगर। सरकुलर रोड पर एक कॉलेज के दो छात्र गुटों में मारपीट होने से अफरातफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने एक छात्र को पकड़ लिया, जबकि अन्य फरार हो गए। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के सरकुलर रोड स्थित एक कॉलेज में पढ़ने वाले छात्र गांव भूम्मा निवासी गगन व कादीखेड़ा निवासी प्रशांत मंगलवार दोपहर कॉलेज अवकाश के बाद बाइक पर घर लौट रहे थे। जैसे ही वे सरकुलर रोड पर पहुंचे, पीछे से कई बाइकों पर आए छात्रों ने उन्हें रोक लिया। दोनों पक्षों में पहले तो कहासुनी हुई, जिसके बाद उनमें मारपीट हो गई। छात्र गुटों में मारपीट की सूचना पर पहुंची पुलिस को देख हमलावर तो फरार हो गए, जबकि गगन को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। छात्र से घटना के संबंध में पूछताछ की जा रही है।
खालापार से किशोर का अपहरण
मुजफ्फरनगर। शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला खालापार निवासी नदीम ने तहरीर देकर बताया कि उसका बेटा अमीन दो दिन पूर्व संदिग्ध हालात में लापता हो गया। हरसंभव तलाश के बावजूद उसका सुराग नहीं लगा। आरोप लगाया कि कोई अज्ञात व्यक्ति उसे बहला-फुसलाकर ले गया है। पुलिस ने अपहरण की धाराओं में मामला दर्ज कर किशोर की तलाश शुरू कर दी है।