धोखाधड़ी करके 31 हजार की नगदी निकाली
खतौली। एटीएम में एक अज्ञात युवक ने धोखाधड़ी से एटीएम कार्ड बदलकर ग्राहक के खाते से 31 हजार रुपये की नगदी निकाल ली। मोबाइल पर मैसेज आने पर पैसे निकालने का पता चला। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर दी है।
बुढ़ाना क्षेत्र के गांव खजूरवाला निवासी आस मोहम्मद रविवार को अपने चचेरे भाई मुस्ताक के साथ खतौली आए। आस मोहम्मद नगर के एक एटीएम से पैसे निकालने पहुंचा। साथ में उसका चचेरा भाई मुस्ताक भी मौजूद था। एटीएम के अंदर पहले से एक युवक मौजूद था। आस मोहम्मद ने अपना कार्ड निकालकर एटीएम में लगाया, तो रुपये नहीं निकले। युवक ने कहा कि वह उसे रुपये निकाल कर दे सकता है। पीड़ित उस अज्ञात युवक के झांसे में आ गया और अपना एटीएम कार्ड उसे थमा दिया। इतना ही नहीं उस अज्ञात युवक को उसने अपना कोड नंबर भी बता दिया। इसी बीच युवक ने कार्ड बदलकर आस मोहम्मद को थमाते हुए पैसे नहीं निकलने का बहाना बना दिया। युवक इतना कहकर वहां से निकल गया। अज्ञात व्यक्ति ने किसी दूसरे एटीएम से 31 हजार रुपये की नगदी दो बार निकाली। एटीएम का खाता आस मोहम्मद की मां के नाम पर था। खाते से दो बार 31 हजार रुपये निकालने का मैसेज आस मोहम्मद की मां के मोबाइल पर आ गया। मां ने फोन करके आस मोहम्मद से पूछा कि उसने 31 हाजर रुपए निकाले हैं। आस मोहम्मद ने अपनी मां से बताया कि उसने कोई पैसा नहीं निकाला है। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर दे दी है।